अटल जी के जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर गोष्ठी का आयोजित

  • दिव्य ज्योति ग्रामीण जन कल्याण समिति ने पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपई जी के जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित की गोष्ठी
  • अटल बिहारी वाजपेई जी की बातों और विचारों को आत्मसात करना चाहिए

लखनऊ। शनिवार 24दिसम्बर 2022 पौष मास शुक्ल पक्ष प्रतिपदा, शिशिर ऋतु २०७९ राक्षस नाम संवत्सर। दिव्य ज्योति ग्रामीण जन कल्याण समिति व गंगोत्री श्रम संविदा सहकारी समिति लिमिटेड के संयुक्त तत्वाधान में एस ए एस हाउस सप्रू मार्ग हजरतगंज स्थित कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के पूर्व संध्या पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी व भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ।

तत्पश्चात संस्था के सचिव कृष्ण कुमार ओझा ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत  किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गंगोत्री श्रम संविदा सहकारी समिति के सभापति शिवेंद्र प्रताप सिंह व संचालन दिव्य ज्योति ग्रामीण जन कल्याण समिति के अध्यक्ष विवेक कुमार राय ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सहकार भारती के प्रदेश संगठन प्रमुख डॉ अरुण सिंह ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी की बातों और विचारों को आप लोगों को आत्मसात करनी चाहिए। ऐसा प्रतिभा संपन्न बहुआयामी व्यक्तित्व विरले ही धरती पर आता है। उनके भाषण को सुनने के लिए उस समय भी भीड़ जमा हो जाती थी जब इनकी पार्टी का बहुत ज्यादा जनमत नही था। इतने अच्छे वक्ता कभी कभी ही जन्म लेते है। उनके अंदर दैवीय गुणों की बात करते हुए अरुण सिंह ने कहा अटल जी की जयंती मनाना तभी सार्थक होगा कि आप सब उनके विचारों को अपने अंदर समाहित करें। निश्चित ही हम सबको इसका लाभ मिलेगा। 

उन्होंने ने कहा की यह बहुत बड़ी बात है कि 26दलों को एक साथ मिलाकर उन्होंने पूरी केंद्र की सरकार चलाई यह केवल अटल जी ही कर सकते थे। अरुण ने यह भी बताया कि अटल जी ना केवल कुशल वक्ता थे बल्कि वह एक कुशल पत्रकार, नेता और कवि भी थे। और अपने हर रोल को उन्होंने बड़ी ईमानदारी से निभाया। आज वो भौतिक रूप से हमारे बीच नही हैं लेकिन उनके विचार हमारे बीच सदियों तक रहेंगे और हमे प्रेरणा देते रहेंगे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय बैठकों के प्रदेश सह संयोजक अजय उपाध्याय ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई ने अपने जीवन में कभी हार नही मानी। वह पहली बार बलराम पुर से चुनाव हार गए थे। फिर चुनाव लडे और जीत हासिल की। संसद में उन पर लोग हंसते थे लेकिन इतने दूरदर्शी थे की उस समय सदन में उन्होंने कहा था कि जो आज हम पर हंस रहे हैं कल लोग इनपर हंसेंगे और हम पूर्ण बहुमत में होंगे। और आज उनकी वह बात पूर्णतः परिलक्षित हो रही है। 2014 से केंद्र और तमाम राज्यों में भाजपा की सरकारें बन रही हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार शिव कृपाल मिश्र ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी सिर्फ एक व्यक्ति नही अब विचार बन चुके हैं उन्हें राष्ट्र पुरुष की संज्ञा दी जानी चाहिए। आज के इस भौतिकवादी युग में जब लोग निराशा में भटक रहे हैं अटल जी की कविता और लेख पढ़ने चाहिए कि कैसे वह संघर्षों को भी आनंदित कर देते हैं। कवि की कविता उसके व्यक्तित्व को भी दर्शाती है। एक पंक्ति के माध्यम से कितनी बड़ी बात अटल जी ने कहा है कि " मनुष्य को चाहिए कि वह परिस्थितियों से लड़े , एक स्वप्न टूटे तो दूसरा गढ़े"। इसी प्रकार हार नही मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा । काल के कपाल पर लिखता हूं मिटाता हूं। निश्चित रूप से इनकी पंक्तियां आने वाली पीढ़ियों के लिए सदियों तक प्रेरणास्रोत बनेंगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सहकार भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष हीरेन्द्र मिश्रा, संस्था के सचिव कृष्ण कुमार ओझा, संपर्क प्रमुख अशोक शुक्ला, पत्रकार अर्जुन द्विवेदी, सुरेंद्र सिंह चौहान, साहित्यकार सतीश दीक्षित, पीयूष मिश्रा ,संजय चौहान, संतोष तिवारी, संजय श्रीवास्तव, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, मनीष विश्वकर्मा, नूरशबा, अरविंद मिश्रा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
Popular posts
हर व्यक्ति को प्रत्येक दिन योग का अभ्यास करना चाहिए - दिनेश सिंह कुशवाहा
चित्र
अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ एंटी भू माफिया, गैंगस्टर आदि धाराओं में कठोरतम कार्यवाही के निर्देश
चित्र
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविध्यालय का डायट कानपुर देहात और डायट कानपुर नगर के साथ हुआ MoU
चित्र
विश्व पर्यावरण दिवस पर पेड़ों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया
चित्र
सभी मतदेय स्थलों में छाया, शौचालय, पेयजल व्यवस्था एवं बुजुर्ग, दिव्यांग मतदाओं हेतु रैम्प आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए - जिलाधिकारी
चित्र